March 4, 2026

भूपाल सेन हत्याकांड : संदिग्ध मौत का खुलासा: बैजनाथ पुलिस ने दो अभियुक्तों को किया गिरफ्तार

बागेश्वर गरुड । थाना बैजनाथ क्षेत्रान्तर्गत ग्राम देवनाई में हुई एक संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। मृतक भूपाल सेन की आत्महत्या के पीछे दुष्प्रेरण की भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया।

दिनांक 08 जुलाई 2025 को रमेश चंद्र सेन, निवासी ग्राम देवनाई, ने अपने भाई भूपाल सेन की मृत्यु को संदिग्ध बताते हुए थाना बैजनाथ में तहरीर दी थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा संख्या 15/2025, धारा 103(1)/238 बीएनएस के तहत कृष्णा पांडे व अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बागेश्वर द्वारा तत्काल पाँच पुलिस टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान फॉरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया, वहीं तकनीकी साक्ष्यों और ग्रामीणों से पूछताछ के आधार पर घटना की तह तक पहुंचने का प्रयास किया गया।

विवेचना में सामने आया कि अभियुक्त पंकज उर्फ कृष्णा पांडे पुत्र गिरीश चंद्र एवं लक्ष्मी दत्त पांडे पुत्र नारायण दत्त, दोनों निवासी ग्राम देवनाई, ने मृतक को मानसिक रूप से इतना प्रताड़ित किया कि वह आत्महत्या जैसे कठोर कदम उठाने के लिए मजबूर हो गया।

पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य एकत्रित कर दिनांक 25 जुलाई 2025 को दोनों अभियुक्तों को धारा 108 बीएनएस के तहत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।

पुलिस अधीक्षक बागेश्वर ने इस खुलासे के लिए पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि “किसी भी नागरिक की रहस्यमयी मृत्यु को हल्के में नहीं लिया जाएगा। यह गिरफ्तारी एक उदाहरण है कि बागेश्वर पुलिस हर पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।”

इस मामले में पुलिस की तत्परता और गहन जांच ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि न्याय की डोर भले ही लंबी हो, पर सच्चाई अंततः सामने आ ही जाती है।