March 7, 2026

कारगिल विजय दिवस पर शहीद राम सिंह बोरा को दी गई श्रद्धांजलि,राजकीय जूनियर हाईस्कूल भगरतोला में देशभक्ति कार्यक्रमों का आयोजन

बागेश्वर गरुड । कारगिल विजय दिवस के अवसर पर राजकीय जूनियर हाईस्कूल भगरतोला में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से अमर शहीद राम सिंह बोरा को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर विद्यालय में विविध देशभक्ति कार्यक्रमों का आयोजन कर छात्र-छात्राओं ने वीर शहीदों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विद्यालय के प्रधानाचार्य महेश पंत ने शहीद राम सिंह बोरा के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने शहीद की जीवनी पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए उनके शौर्य, साहस एवं राष्ट्र सेवा को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

विद्यालय में आयोजित पेंटिंग, भाषण एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतियोगिताओं में करिश्मा बोरा ने प्रथम, जगदीश नेगी ने द्वितीय तथा संध्या बरोलिया ने तृतीय स्थान प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीत, कविताएं और नृत्य प्रस्तुतियाँ दर्शकों के मन को छू गईं। पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत एवं क्षेत्रीय समाज के प्रतिनिधियों की भी सराहनीय भागीदारी रही। कार्यक्रम में वंदना पंत, भागीरथी मरतोलिया, मोहम्मद यूसुफ, रमेश चंद्र सिंह भयेडा, आनंदी देवी, नीमा देवी समेत कई ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए विद्यार्थियों की प्रतिभा की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

उल्लेखनीय है कि यह विद्यालय बागेश्वर जनपद का सर्वाधिक छात्र संख्या वाला राजकीय जूनियर हाईस्कूल है, जहां हर वर्ष राष्ट्रीय पर्वों को उत्साहपूर्वक मनाया जाता है। प्रधानाचार्य महेश पंत ने छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शहीदों से प्रेरणा लेकर देश सेवा के मार्ग पर अग्रसर होने का संदेश दिया।