March 13, 2026

बढ़ते अपराधों के प्रति जागरूकता जरूरी: पुलिस ने इंटर कॉलेज कौसानी में चलाया जागरूकता अभियान

बागेश्वर/गरुड़ । जनपद बागेश्वर पुलिस द्वारा लगातार चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के अंतर्गत आज कौसानी क्षेत्र के राजकीय इंटर कॉलेज में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक बागेश्वर के निर्देशन एवं पुलिस उपाधीक्षक बागेश्वर के पर्यवेक्षण में कौसानी पुलिस द्वारा संपन्न कराया गया।

कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं को विभिन्न महत्वपूर्ण सामाजिक और कानूनी मुद्दों पर जागरूक किया गया, जिसमें नए कानूनों की जानकारी, नशे के दुष्परिणाम, बाल भिक्षावृत्ति व बाल श्रम की रोकथाम, मानव तस्करी, महिला सुरक्षा, बाल अपराध, यातायात नियमों एवं सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद जैसे विषय शामिल थे।

पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को स्पष्ट रूप से बताया कि किसी भी प्रकार की समस्या या अपराध की स्थिति में वे निःसंकोच पुलिस से संपर्क करें। महिलाओं और बालिकाओं को विशेष रूप से महिला अपराधों के प्रति सजग रहने और अपनी शिकायतें पुलिस तक पहुँचाने हेतु प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में साइबर अपराध के बढ़ते खतरे को लेकर भी जागरूकता फैलाई गई। छात्रों को बताया गया कि किसी भी अंजान व्यक्ति की कॉल पर अपने बैंक खाते, एटीएम, ओटीपी जैसी निजी जानकारी साझा न करें। साथ ही किसी भी अंजान लिंक या क्यूआर कोड को स्कैन न करने की हिदायत दी गई। इस दौरान साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और आपातकालीन डायल-112 के बारे में भी जानकारी दी गई।

अंत में पुलिस अधिकारियों ने सभी छात्रों से आग्रह किया कि वे इन महत्वपूर्ण जानकारियों को अपने घर और आसपास के लोगों तक पहुंचाएं, ताकि समाज को अपराध मुक्त और सुरक्षित बनाया जा सके।

You may have missed