March 10, 2026

भारी बारिश से गरुड़ में जलभराव, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और घरों में घुसा पानी

बागेश्वर गरुड । सोमवार रात्रि हुई भारी बारिश के चलते नगर पंचायत गरुड़ के टीटबाजार क्षेत्र और नौघर वार्ड में जबरदस्त जलभराव हो गया। लंबे समय से बंद पड़े लोक निर्माण विभाग (PWD) के कलमठों के कारण पानी की निकासी नहीं हो सकी, जिससे दर्जनों व्यापारिक प्रतिष्ठानों और आवासीय भवनों में पानी घुस गया। इससे व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों को भारी नुकसान झेलना पड़ा है।

ग्रामीणों और व्यापारियों ने बताया कि PWD द्वारा बनाए गए कलमठ कई वर्षों से बंद पड़े हैं, जिसकी शिकायतें कई बार की जा चुकी हैं, परंतु आज तक समाधान नहीं हुआ। मंगलवार को स्थिति का संज्ञान लेते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष भावना वर्मा स्वयं मौके पर पहुंचीं और PWD के संबंधित अधिकारियों से बातचीत की।

निरीक्षण के दौरान PWD के AE गोविंद नाथ और JE शैलेश सकलानी भी मौके पर मौजूद रहे। दोनों अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि कलमठों की सफाई एवं मरम्मत कार्य जल्द शुरू कर दिए जाएंगे और आगामी 24 घंटे के भीतर जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

नगर पंचायत अध्यक्ष भावना वर्मा ने विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि “यह समस्या वर्षों से बनी हुई है, जिसका तत्काल समाधान आवश्यक है। व्यापारियों और ग्रामीणों को अब और परेशान नहीं होने दिया जाएगा।”
गरुड बाजार के होटल व्यवसायी सैनिक होटल मालिक खीम सिंह मेहरा ने एक बातचीत में इस पत्रकार को बताया कि मै वर्षों से सम्बंधित विभागों को अवगत कराते हुये थक चुका हूं। जबाब वही ढाक के तीन पात!

स्थानीय निवासी और व्यापारी लंबे समय से इस समस्या से जूझ रहे हैं और अब उम्मीद जता रहे हैं कि नगर पंचायत की सक्रियता से उन्हें राहत मिलेगी।