September 22, 2026

सीनियर सिटिज़नों की चौखट पर पहुँची कौसानी पुलिस, दिया भरोसे और सुरक्षा का संदेश

बागेश्वर/गरुड़ । वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा और उनके सशक्त सहयोग हेतु कौसानी पुलिस ने मानवीय पहल करते हुए एक सराहनीय कदम उठाया है। पुलिस अधीक्षक श्री चंद्रशेखर घोडके के निर्देशानुसार जिलेभर में वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं को नजदीक से जानने और उन्हें समाधान प्रदान करने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में आज प्रभारी कोतवाली उपनिरीक्षक ने कौसानी क्षेत्र के शौलीधार गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बुजुर्ग महिला-पुरुषों से व्यक्तिगत, पारिवारिक, स्वास्थ्य और प्रशासनिक समस्याओं के बारे में संवेदनशीलता से बातचीत की। अधिकांश वरिष्ठ नागरिकों ने फिलहाल किसी विशेष समस्या से इनकार किया, जिससे क्षेत्र में सकारात्मक पुलिस छवि की झलक भी मिली।

पुलिस ने इस मौके पर सभी बुजुर्गों को हेल्पलाइन और आपातकालीन सहायता नंबरों की जानकारी दी और आश्वस्त किया कि किसी भी आवश्यकता की स्थिति में पुलिस हरसंभव मदद के लिए तत्पर रहेगी।

इसके अलावा, मौसम विभाग द्वारा जारी बारिश के रेड अलर्ट को ध्यान में रखते हुए उन्हें नदी-नालों के पास न जाने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की विशेष अपील की गई।

यह पहल न केवल पुलिस और जनता के बीच विश्वास की डोर को मजबूत करती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि कानून व्यवस्था का उद्देश्य केवल अपराध नियंत्रण नहीं, बल्कि समाज के कमजोर वर्गों की हिफाजत भी है।