पंचायत चुनाव में पारदर्शिता बढ़ाने की मांग, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने निर्वाचन आयोग को लिखा पत्र
देहरादून । उत्तराखंड में त्रि-स्तरीय पंचायत चुनावों के दूसरे चरण की मतगणना को लेकर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने राज्य निर्वाचन आयुक्त को पत्र लिखकर पारदर्शिता सुनिश्चित करने की अपील की है। उन्होंने सुझाव दिया है कि मतगणना की पूरी प्रक्रिया का वीडियो रिकॉर्डिंग करवाई जाए, ताकि जनता का चुनाव परिणामों पर भरोसा और मजबूत हो।
पत्र में यशपाल आर्य ने कहा कि पंचायत चुनावों में मतदाताओं की संख्या अपेक्षाकृत कम होती है और कई बार हार-जीत का अंतर बेहद मामूली रहता है। ऐसे में संदेह की स्थिति से बचने और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए मतगणना की प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाना जरूरी है।
उन्होंने निर्वाचन आयुक्त से अनुरोध किया कि सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देशित किया जाए कि मतगणना की संपूर्ण प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग अनिवार्य रूप से कराई जाए।
यशपाल आर्य के इस कदम को ग्रामीण चुनावों में पारदर्शिता और जनता के विश्वास को मजबूत करने की दिशा में अहम पहल माना जा रहा है।
