बैजनाथ पुलिस का अवैध भांग की खेती पर शिकंजा, चार नाली भूमि पर फसल नष्ट
बागेश्वर गरुड । उत्तराखण्ड को नशामुक्त बनाने के लिए चल रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। थाना बैजनाथ पुलिस ने शनिवार को ग्राम डंगोली व पिंगलो क्षेत्र में लगभग चार नाली भूमि पर हो रही अवैध भांग की खेती का पता लगाकर पूरी फसल मौके पर नष्ट कर दी।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बागेश्वर श्री चंद्रशेखर घोडके के दिशा-निर्देशन एवं थानाध्यक्ष बैजनाथ इंस्पेक्टर प्रताप सिंह नगरकोटी के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम ने खेतों में उगी अवैध भांग की फसल को उखाड़कर नष्ट किया और क्षेत्रवासियों को चेतावनी दी कि नशे के कारोबार या खेती से जुड़े लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इंस्पेक्टर नगरकोटी ने बताया कि थाना क्षेत्र में “नशा मुक्त उत्तराखण्ड अभियान” के अंतर्गत इस प्रकार की कार्यवाहियाँ निरंतर जारी रहेंगी। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर नशे का कारोबार या खेती बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
साथ ही पुलिस टीम ने मौके पर मौजूद ग्रामीणों को मानस नेशनल नार्कोटिक्स हेल्पलाइन पोर्टल (1933) के बारे में जानकारी दी और अपील की कि नशे से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत साझा करें, ताकि दोषियों के खिलाफ समय पर कार्रवाई की जा सके।
