Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 12, 2026

बागेश्वर में बादल फटने से तबाही, दो की मौत, तीन लापता , जिलाधिकारी मौके पर

बागेश्वर। जनपद बागेश्वर के कपकोट विकासखंड के ग्राम पौंसारी में गुरुवार देर रात बादल फटने से भारी तबाही मच गई। घटना में अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि तीन लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। वहीं एक व्यक्ति को ग्रामीणों ने प्रशासनिक टीमों के पहुँचने से पूर्व ही सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

सूचना मिलते ही जिलाधिकारी आशीष भटगांई स्वयं मौके पर पहुँचे और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस और राजस्व विभाग की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।

प्रभावित परिवार

पहला परिवार: रमेश चंद्र जोशी (लापता), उनकी पत्नी बसंती देवी (शव बरामद), बेटा गिरीश (लापता) तथा बेटा पवन (सुरक्षित)।

दूसरा परिवार: पूरण जोशी (लापता) तथा उनकी मां बचुली देवी (शव बरामद)।

अन्य नुकसान

भारी बारिश और भूस्खलन से ग्राम बैसानी क्षेत्र में भी नुकसान हुआ है, जहां 13 बकरियों और अन्य पशुओं के मरने की सूचना है। साथ ही खेतों, रास्तों, पुलिया और गांव की सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं।

प्रशासन की तत्परता

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सभी जिलास्तरीय अधिकारी आपदा कंट्रोल रूम से लगातार समन्वय कर रहे हैं। पीडब्ल्यूडी एवं पीएमजीएसवाई की टीमें मार्ग खोलने के प्रयास में जुटी हैं और वैकल्पिक रास्तों को चिह्नित कर राहत दलों को भेजा जा रहा है। प्रभावितों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाने तथा त्वरित सहायता उपलब्ध कराने की कार्यवाही जारी है।

स्थिति पर नज़र

प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ एनडीआरएफ व एसडीआरएफ की टीमें मौके पर डटी हैं। अब तक दो शव बरामद किए जा चुके हैं जबकि तीन व्यक्तियों की तलाश जारी है। जिलाधिकारी ने प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद पहुँचाने के निर्देश दिए हैं।

Advertisement