सिलेक्टशन बांड के विरोध में बीडीसी सदस्य मुखर
बागेश्वर । क्षेत्र पंचायत निधि को सिलेक्शन बांड के माध्यम से करने की सुगबुगाहट पर बीडीसी सदस्य भड़क गए हैं। नाराज सदस्यों ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई है। इसके विरोध में ब्लॉक मुख्याल में प्रदर्शन किया। यहां हुई सभा में सरकार पर उपेक्षा का आरोप लगाया। जल्द समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। ज्येष्ठ उप प्रमुख मनीष कुमार के नेतृत्व में सदस्य सोमवार को ब्लॉक मुख्यालय पहुंचे। यहां नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। सभा में वक्ताओं ने कहा कि उनके संज्ञान में आया है कि उनकी निधि को सिलेक्शन बांड के माध्मय से करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। जबकि वर्तमान में जो मस्टरोल प्रणाली चल रही है उसे बंद करने की प्रकिया चल रही है। सदस्यों ने सिलेक्शन बांड का कड़े शब्दों में विरोध किया। मस्टरोल प्रक्रिया को जारी रखने की मांग की। चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों की अनदेखी की गई तो ब्लॉक मुख्यालय में जल्द तालाबंदी की जाएगी। जिसकी सारी जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी। इस आशय का एक ज्ञापन खंड विकास अधिकारी को सौंपा। इस मौके पर सदस्यों में हरीश मेहा, फते सिंह करायत, कमल आर्या, शीला देवी, कृष्ण कुमार, रमेश, ज्योति परिहार, हेमा देवी, नरेंद्र सिंह, रेनू आर्या, अनीता देवी, महेंद्र सिंह, भावना देवी आदि मौजूद रहे।
