June 14, 2026

छात्र संघ चुनाव को लेकर बागेश्वर पुलिस अलर्ट, सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम

बागेश्वर। आगामी 27 सितम्बर 2025 को होने वाले छात्र संघ चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न कराने के लिए बागेश्वर पुलिस ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक बागेश्वर श्री चन्द्रशेखर घोडके (IPS) ने शनिवार को जनपद के समस्त थाना प्रभारियों एवं पुलिस अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की।

बैठक में एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी अधिकारी और कर्मचारी मतदान एवं मतगणना के दौरान अनुशासित रहकर निष्पक्षता के साथ अपनी ड्यूटी करेंगे।

सुरक्षा और अनुशासन पर विशेष जोर

👉 सभी मतदान/मतगणना स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती कर ड्यूटी चार्ट तैयार किया जाएगा।
👉 मतदान केंद्रों के अंदर मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
👉 छात्र-छात्राओं को केवल कॉलेज प्रशासन द्वारा जारी प्रमाणपत्र/आईडी कार्ड या मान्य दस्तावेज दिखाने के बाद ही मतदान की अनुमति दी जाएगी।
👉 लिंगदोह समिति की सिफारिशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
👉 सोशल मीडिया पर झूठी खबरें या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एसपी घोडके ने यह भी कहा कि मतदान और मतगणना के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कानून-व्यवस्था संबंधी किसी भी आशंका को समय रहते वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया जाए।

अधिकारियों की मौजूदगी

इस मौके पर पुलिस उपाधीक्षक बागेश्वर अजय साह, पुलिस उपाधीक्षक कपकोट मनीष शर्मा समेत जिले के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

पुलिस प्रशासन का दावा है कि पर्याप्त सुरक्षा बल और सख्त निगरानी के बीच छात्र संघ चुनाव को पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुरक्षित तरीके से सम्पन्न कराया जाएगा।