बैजनाथ पुलिस ने की टैक्सी यूनीयन के साथ बैठक
गरुड़ (बागेश्वर)।
जनपद बागेश्वर पुलिस द्वारा मंगलवार को अलग-अलग क्षेत्रों में जन-जागरूकता और यातायात सुधार को लेकर सराहनीय पहल की गई। इस दौरान थाना बैजनाथ, थाना कपकोट और चौकी रीमा पुलिस ने अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर जनता को सुरक्षा, नशा उन्मूलन और साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूक किया।
बैजनाथ : यातायात व्यवस्था सुधारने को बैठक
प्रभारी कोतवाली बैजनाथ श्री कैलाश सिंह बिष्ट ने टैक्सी स्टैंड गरुड़ में वाहन चालकों, टैक्सी यूनियन व व्यापार मंडल प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में उपस्थित लोगों को यातायात नियमों का पालन, निर्धारित स्थान पर पार्किंग व सवारी भरने की जानकारी दी गई। साथ ही नशे के दुष्परिणाम, साइबर अपराधों से बचाव और सड़क हादसों में घायलों की मदद जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
पुलिस ने जनता से अपील की कि किसी भी समस्या की स्थिति में पुलिस सहायता नंबर 112 व थाना बैजनाथ का सीयूजी नंबर 9411112913 पर तुरंत संपर्क करें।
कपकोट : खेल प्रतियोगिता में बच्चों को जागरूक किया
थानाध्यक्ष कपकोट श्री प्रताप सिंह नगरकोटी ने केदारेश्वर मैदान कपकोट में आयोजित खेल प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे छात्र-छात्राओं को संबोधित किया। उन्होंने महिला/बच्चों से संबंधित अपराध, बाल विवाह, बाल श्रम, साइबर अपराधों से बचाव और नशे की लत के दुष्प्रभावों पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही छात्रों को पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112, 1090, 1930 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी भी दी गई।
रीमा चौकी : वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात
चौकी प्रभारी रीमा श्री संजय बृजवाल ने चौकी क्षेत्रान्तर्गत वरिष्ठ नागरिकों और एकल निवासरत वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम पूछी। उन्हें आश्वस्त किया गया कि पुलिस हर समय उनकी मदद के लिए तत्पर है। साथ ही उन्हें साइबर अपराधों से बचाव हेतु जागरूक कर हेल्पलाइन नंबर 112 और 1930 की जानकारी दी गई।
स्थानीय जनता का स्वागत
इन तीनों क्षेत्रों में पुलिस की इस पहल का स्थानीय जनता ने स्वागत किया और कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज को सुरक्षित और अनुशासित बनाने में मददगार साबित होंगे।
