Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 15, 2026

जनता की समस्याओं के समाधान में डीएम आकांक्षा कोंडे की सख्ती , डीएम का खबरों पर विभागीय कार्रवाई न करने पर लापरवाह अधिकारियों पर नोटिस

बागेश्वर। जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता दरबार में जनसामान्य की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित, पारदर्शी एवं संवेदनशील प्रशासनिक कार्यशैली अपनाने के निर्देश दिए। इस दौरान कुल 15 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का समाधान मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को तत्काल निस्तारण हेतु भेजा गया।

डीएम ने कहा कि जनता की शिकायतों का शीघ्र निस्तारण ही शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों के निस्तारण और 100 प्रतिशत कॉलिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

समाचार पत्रों में प्रकाशित रिपोर्टों पर विभागीय एक्शन

डीएम कोंडे ने हाल ही में विभिन्न समाचार पत्रों में प्रकाशित जनसमस्याओं और अव्यवस्थाओं से संबंधित नकारात्मक खबरों का संज्ञान लेते हुए कई विभागों पर कठोर रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मीडिया की खबरें जनता की आवाज हैं और यदि कोई विभाग अपनी जिम्मेदारी से चूकता है तो उस पर तत्काल कार्रवाई होगी।
समाचारों के आधार पर –

जल संस्थान विभाग को पेयजल आपूर्ति में आई अनियमितताओं पर तुरंत सुधारात्मक रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए।

नगर पालिका और लोक निर्माण विभाग (PWD) को सड़क और सफाई व्यवस्था से जुड़ी शिकायतों पर स्थलीय निरीक्षण कर सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।

शिक्षा विभाग से विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं की कमी पर प्रकाशित समाचारों के संदर्भ में विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई।
डीएम ने कहा कि सभी विभाग नकारात्मक खबरों को “चेतावनी नहीं, सुधार का अवसर” मानें और 24 घंटे के भीतर ठोस एक्शन लेकर स्थिति में सुधार करें।

जनता की समस्याओं पर त्वरित निर्णय

जनता दरबार में ग्राम बहेड़ी के मदन मोहन जोशी ने विकास कार्यों की आरटीआई जांच की मांग की, जिस पर डीएम ने डीपीआरओ को निष्पक्ष जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। ग्राम प्रधान सैमतोली ने सड़क निर्माण की समस्या रखी, जबकि बी.एस. कपकोटी ने खेत से जल पाइपलाइन हटाने की मांग की।
पूरन सिंह रावत ने प्रधानमंत्री आवास योजना पर लगी रोक पर शिकायत की, जिस पर डीएम ने ईओ नगर पालिका एवं एसडीएम बागेश्वर को संयुक्त रिपोर्ट देने को कहा। देवेश सिंह खेतवाल ने दरारयुक्त चट्टान से सुरक्षा खतरे की बात उठाई, जिस पर डीएम ने तकनीकी रिपोर्ट लेकर तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए।

जवाबदेही तय, अनुपस्थित अधिकारियों पर कार्रवाई

डीएम आकांक्षा कोंडे ने कहा कि किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आबकारी विभाग और यूपीसीएल के अनुपस्थित अधिकारियों पर शो कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों को अपने-अपने कार्यों की नियमित समीक्षा कर लंबित मामलों को प्राथमिकता से निपटाने को कहा।

UCC पंजीकरण में मिशन मोड की कार्यवाही

डीएम ने UCC पंजीकरण की समीक्षा करते हुए महिला एवं बाल विकास, सहकारिता, और स्वास्थ्य विभाग को समन्वित और मिशन मोड में कार्य करने को कहा। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली ग्राम पंचायतों को प्रशंसा प्रमाणपत्र देकर प्रोत्साहित किया जाएगा।

जनता दरबार में सीडीओ आर.सी. तिवारी, एडीएम एन.एस. नबियाल सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
डीएम ने कहा —

“समाचार पत्र समाज का दर्पण हैं। यदि कहीं त्रुटि सामने आती है तो उसका सुधार तत्काल होना चाहिए। जनसमस्याओं का संवेदनशील और समयबद्ध समाधान ही सुशासन की पहचान है।”

Advertisement