March 7, 2026

बाघ के हमले से ग्रामीणों में दहशत, देवभूमि जनसेवा संस्था ने उठाई कार्रवाई की मांग


गरुड़ (बागेश्वर)।

क्षेत्र में बाघ का आतंक एक बार फिर बढ़ता दिखाई दे रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, कल शाम लगभग 2 से 3 बजे के बीच सिंमखेत जाने वाले मार्ग पर सिरौली के बुंदरानी तोक के पास एक गाय पर बाघ ने हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। यह हमला श्री कुंदन सिंह नेगी के घर के समीप हुआ, जिससे आसपास के ग्रामीणों में भारी भय और आक्रोश व्याप्त है।

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ समय से बाघ की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। मवेशियों पर हमले की घटनाओं से लोग दहशत में हैं और शाम होते ही गांवों में सन्नाटा छा जाता है।

इस गंभीर स्थिति पर प्रकाश गोस्वामी ने तुरंत संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों से संपर्क किया है। उन्होंने वन विभाग से पिंजरा लगाने और बाघ को पकड़ने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है, ताकि ग्रामीणों और उनके पशुधन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने आज सिरौली के बुंदरानी तोक का दौरा किया। टीम ने मौके का जायजा लिया और ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि जल्द ही पिंजरा लगाया जाएगा तथा बाघ की गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

ग्रामीणों ने वन विभाग से अपील की है कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाए और बाघ की बढ़ती गतिविधियों पर तुरंत रोक लगाई जाए, ताकि जान-माल का नुकसान न हो सके।