March 5, 2026

बागेश्वर पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च, शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने को लेकर बढ़ाई सतर्कता

बागेश्वर । देश की राजधानी दिल्ली में हाल ही में हुई ब्लास्ट घटना के मद्देनज़र जनपद बागेश्वर में पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। आज पुलिस अधीक्षक श्री चन्द्रशेखर घोडके के दिशा-निर्देशन में तथा पुलिस उपाधीक्षक श्री अजय साह (बागेश्वर) एवं श्री मनीष शर्मा (कपकोट) के नेतृत्व में जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से फ्लैग मार्च (पैदल मार्च) आयोजित किया गया।

फ्लैग मार्च कोतवाली बागेश्वर से प्रारंभ होकर मुख्य बाजार, एसबीआई तिराहा, पुराना सरयू पुल, अस्पताल तिराहा, दुग बाजार, नुमाईस रोड, बागनाथ पुल, गोमती पुल, तहसील रोड सहित अन्य भीड़-भाड़ वाले स्थानों से होकर गुज़रा।
मार्च के दौरान पुलिस कर्मियों ने आमजन से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें, सोशल मीडिया पर अपुष्ट खबरें साझा न करें, और किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

बागेश्वर पुलिस ने जनपद में सुरक्षा व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ किया है। गश्त बढ़ाई गई है तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने यह भी सुनिश्चित किया है कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।

जनपद के सभी थाना एवं चौकी स्तर पर भी पुलिस द्वारा शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से फ्लैग मार्च किया गया। इस अभियान में कोतवाली बागेश्वर, पुलिस लाइन, फायर स्टेशन, पुलिस कार्यालय तथा संबंधित सभी शाखाओं के पुलिस कर्मियों ने भाग लिया।

जनता में भरोसे और सुरक्षा की भावना का संचार

बागेश्वर पुलिस का यह फ्लैग मार्च जनता में सुरक्षा की भावना को सशक्त करने और पुलिस-जनता के बीच आपसी विश्वास बढ़ाने की दिशा में एक सार्थक कदम साबित हुआ है।
जनपद बागेश्वर पुलिस आम जनता की सुरक्षा एवं शांति बनाए रखने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है।