March 17, 2026

आबादी क्षेत्र में घुसा विशालकाय मगरमच्छ


रुद्रपुर ।  इस्लामनगर वार्ड संख्या आठ में शुक्रवार देर रात आबादी क्षेत्र के पास एक विशालकाय मगरमच्छ घुस आया। इसकी सूचना मिलते ही वार्ड सभासद, ग्रामीणों और वन विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू कर मगरमच्छ को पकड़ा। बाद में उसे टेलीफाल नदी में छोड़ दिया गया। शुक्रवार देर रात वार्डवासियों ने सभासद शारिक हुसैन को नाले के किनारे मगरमच्छ दिखने की जानकारी दी। सूचना पर पहुंचे सभासद ने ग्रामीणों की मदद से खतरा टालते हुए मगरमच्छ के मुंह और पैरों को बांध दिया। शनिवार सुबह सभासद की सूचना पर रेंज अधिकारी महेश चन्द्र जोशी ने वन दरोगा उत्तम सिंह राणा के नेतृत्व में टीम भेजी। टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर मगरमच्छ को सुरक्षित काबू में किया। मगरमच्छ काफी बड़ा होने के कारण ग्रामीणों की सहायता से उसे वाहन में डाला गया। इससे पहले भी सभासद एक बड़े मगरमच्छ को पकड़कर नदी में छोड़ चुके हैं।