March 16, 2026

बालिका महोत्सव में उमड़ी रौनक: मानवाधिकार दिवस पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में बालिकाओं ने दिखाया हुनर

बागेश्वर। विश्व मानवाधिकार दिवस पर पीएम श्री विक्टर मोहन जोशी स्मारक राजकीय इंटर कॉलेज बागेश्वर में उत्तराखंड राज्य बाल कल्याण परिषद देहरादून के तत्वावधान में बालिका महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं तथा शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

मुख्य अतिथि सीनियर सिविल जज अनीता कुमारी ने बाल अपराध, मानवाधिकार तथा बाल विवाह जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर बच्चों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि बच्चों के अधिकारों की रक्षा और सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करना समाज की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में जिला सेवायोजन अधिकारी प्रवीण गोस्वामी ने छात्रों को करियर मार्गदर्शन दिया। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बालिकाओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर उपयोगी सुझाव प्रदान किए।
बाल कल्याण परिषद के प्रतिनिधि अधिवक्ता गोविंद भंडारी तथा बाल कल्याण समिति की सदस्य भारती खेतवाल ने भी बालिकाओं को आवश्यक जानकारियाँ दीं।

महोत्सव में भाषण, चित्रकला और समूह गान प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 250 छात्राओं ने प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिताओं के परिणाम इस प्रकार रहे—

भाषण प्रतियोगिता:
प्रथम – अंजलि मेयर (राजकीय इंटर कॉलेज बागेश्वर)
द्वितीय – महक जोशी (आनंदी अकैडमी बागेश्वर)
तृतीय – भूमि पांडे (सैनिक हाई स्कूल बागेश्वर)

चित्रकला प्रतियोगिता:
प्रथम – पूजा (नेशनल मिशन इंटर कॉलेज बागेश्वर)
द्वितीय – आरोही नेगी (विवेकानंद विद्या मंदिर मंडलसेरा)
तृतीय – प्रार्थना बिष्ट (जिम कॉर्बेट इंटरनेशनल स्कूल बागेश्वर)

समूह गान प्रतियोगिता:
प्रथम – राजीव नवोदय विद्यालय बहोली
द्वितीय – राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बागेश्वर
तृतीय – पीएम श्री विक्टर मोहन जोशी स्मारक राजकीय इंटर कॉलेज बागेश्वर

कार्यक्रम का संचालन सहायक अध्यापक सुरेश राम ने किया। इस अवसर पर वृक्ष मित्र किशन सिंह मल्डा ने आयोजन की सराहना की।
अंत में प्रधानाचार्य दीप चंद्र जोशी ने सभी अतिथियों को धन्यवाद देते हुए छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।