Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 7, 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अल्मोड़ा में सांसद खेल महोत्सव का किया शुभारंभ, खेल अवसंरचना को लेकर की कई घोषणाएं


अल्मोड़ा ।  मुख्यमंत्री उत्तराखंड पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को अल्मोड़ा पहुंचकर हेमवती नंदन बहुगुणा स्टेडियम में सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने फुटबॉल और बैडमिंटन प्रतियोगिताओं का उद्घाटन किया तथा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी एकता बिष्ट और कोच लियाकत अली खान को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों, जनप्रतिनिधियों, आम जनता और स्कूली बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार जनपद अल्मोड़ा के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से स्वास्थ्य, खेल, पर्यटन, कनेक्टिविटी और शहरी सुविधाओं के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है। इन प्रयासों का उद्देश्य बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ युवाओं को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाना है।
स्वास्थ्य सेवाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि सोबन सिंह जीना मेडिकल इंस्टीट्यूट में 100 नई एमबीबीएस सीटों के साथ 36 आईसीयू बेड जोड़े गए हैं, जिससे भविष्य में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ेगी। बेस अस्पताल में कार्डियक केयर यूनिट की शुरुआत की गई है, जबकि करीब पांच करोड़ रुपये की लागत से महिला चिकित्सालय के उन्नयन का कार्य प्रगति पर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत जागेश्वर धाम सहित जनपद के अन्य ऐतिहासिक मंदिरों के संरक्षण और विकास के कार्य किए जा रहे हैं, जिससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। शहरी समस्याओं के समाधान के लिए अल्मोड़ा नगर क्षेत्र में पार्किंग और यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 21 वाहन पार्किंग परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए अल्मोड़ा में नशा मुक्ति केंद्र की स्थापना को भी उन्होंने महत्वपूर्ण पहल बताया।
खेल सुविधाओं को लेकर मुख्यमंत्री ने कई घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि हेमवती नंदन बहुगुणा स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए 50 बेड क्षमता वाले छात्रावास का निर्माण किया जाएगा। स्टेडियम में बैडमिंटन कोर्ट का अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप जीर्णोद्धार और हैंडबॉल कोर्ट का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही जीआईसी खेल मैदान में हॉकी और फुटबॉल के लिए दिन और रात में उपयोग योग्य बहुउद्देशीय आर्टिफिशियल टर्फ का निर्माण होगा। अल्मोड़ा नगर निगम क्षेत्र में हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए 200 सोलर लाइटें भी उपलब्ध कराई जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों के हित में राजकीय सेवाओं में चार प्रतिशत खेल कोटा पुनः लागू किया गया है। मुख्यमंत्री खेल विकास निधि, मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना और मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी योजना के माध्यम से खिलाड़ियों को लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके अलावा उत्तराखंड खेल रत्न पुरस्कार और हिमालय खेल रत्न पुरस्कार देकर खिलाड़ियों को सम्मानित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पर्यटन, रोजगार और कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत पिछले चार वर्षों में 250 किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण किया गया है। अल्मोड़ा–

पौड़ी–रुद्रप्रयाग सड़क के लिए 400 करोड़ रुपये और अल्मोड़ा–बागेश्वर सड़क चौड़ीकरण के लिए 922 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। उड़ान योजना के तहत अल्मोड़ा में हेली सेवा शुरू होने से पर्यटन, आपदा प्रबंधन और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शीघ्र ही स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान लागू किया जाएगा, जिसके तहत राज्य के आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियों की स्थापना की जाएगी। इनमें 920 विश्वस्तरीय एथलीटों सहित करीब एक हजार अन्य खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। हल्द्वानी में उत्तराखंड के पहले खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना से राज्य को खेलों के क्षेत्र में राष्ट्रीय पहचान मिलेगी।
कार्यक्रम में सांसद और केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, महापौर नगर निगम अल्मोड़ा अजय वर्मा, उपाध्यक्ष महिला उद्यमिता परिषद गंगा बिष्ट, जागेश्वर विधायक मोहन सिंह मेहरा, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

You may have missed

Advertisement