March 23, 2026

जिले की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर कांग्रेस मुखर


 बागेश्वर । जिले की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर कांग्रेस एक बार फिर मुखर हो गई है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने 14 सूत्रीय मांगों को लेकर डीएम को ज्ञापन सौंपा। चिकित्सकों की कमी, जन औषधि केंद्र के लगातार बंद रहने, एंबुलेंस सेवा बदहाल रहने तथा जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों का डाइट चार्ट सार्वजनिक नहीं करने पर आपत्ति जताई है। शासन तथा प्रशासन से बदहाल सेवा में सुधार की मांग की है। जिलाध्यक्ष अर्जुन भट्ट के नेतृत्व में कार्यकर्ता सोमवार को पहले एसडीएम प्रियंका रानी से मिले। इसके बाद ब्लॉक सभागार में पहुंचे। यहां जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे से मुलाकात की। उन्हें जिले की स्वास्थ्य समस्याओं से अवगत कराया। कांग्रेस ने विशेष डॉक्टर तैनात करने, सीएमओ कार्यालय में अटैच डॉक्टरों को मूल तैनाती स्थान पर भेजने, जिला अस्पताल में पर्ची काउंटरों की संख्या बढ़ाने, जन औषधि केंद्र में दवा उपलब्ध कराने, जिला अस्पताल में सफाई व्यवस्था ठीक करने, जिले में 16 बेड का महिला अस्तपाल था, जो आज कागजों में सिमटकर रह गया है। उसे स्थापित करने, जिला अस्पताल की छत पर करोड़ों रुपये खर्च हो गए हैं। उसके बावजूद काम आज तक पूरा नहीं हुआ है। उसे पूरा करने, जिला अस्प्ताल में लगने वाले कैंपों में प्राइवेट अस्पतालों का प्रचार हो रहा है। उसपर रोक लगाने, सीएचसी और पीएचसी में भी मानकानुसार कर्मचारी तैनात करने की मांग की है। जल्द बदहाली दूर नहीं करने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। मांग करने वालों में भगवत डसीला, लोकमणि पाठक, सुनील भंडारी, लक्ष्मी धर्मशक्तू, गीता रावल, ललित बिष्ट, हरीश ऐठानी, ललित फर्स्वाण, राजेंद्र टंगड़िया आदि मौजूद रहे।