क्रिसमस व नववर्ष पर पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर बागेश्वर पुलिस सतर्क
कौसानी में होटल एसोसिएशन के साथ अग्नि सुरक्षा पर विशेष बैठक व मॉक डेमो आयोजित
गरुड , बागेश्वर। क्रिसमस एवं नववर्ष के अवसर पर पर्यटन स्थलों में बढ़ने वाली भीड़ और संभावित जोखिमों को ध्यान में रखते हुए बागेश्वर पुलिस द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक बागेश्वर श्री चंद्रशेखर घोडके (IPS) के निर्देशों के अनुपालन में आज दिनांक 23 दिसंबर 2025 को प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कौसानी में एक विशेष जन-जागरूकता एवं समन्वय कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य आगामी 25 दिसंबर (क्रिसमस) एवं 31 दिसंबर (नववर्ष) के आयोजनों के दौरान पर्यटकों एवं स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना था। इस अवसर पर प्रभारी अग्निशमन अधिकारी (FSSO) श्री गोपाल सिंह रावत द्वारा कौसानी होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री बबलू नेगी सहित क्षेत्र के होटल स्वामियों, प्रबंधकों एवं कर्मचारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान FSSO श्री रावत ने होटल परिसरों में अग्नि सुरक्षा मानकों पर विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान होटलों में पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होती है, ऐसे में छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। उन्होंने सभी होटल संचालकों को निर्देशित किया कि अग्निशमन यंत्र, स्मोक डिटेक्टर, फायर अलार्म एवं अन्य सुरक्षा उपकरण पूर्णतः कार्यशील अवस्था में हों।
कार्यक्रम के अंतर्गत फायर सर्विस टीम द्वारा व्यावहारिक मॉक डेमो भी प्रस्तुत किया गया, जिसमें आग लगने की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, प्राथमिक बचाव उपाय, विभिन्न प्रकार के फायर एक्सटिंग्विशर के सही उपयोग तथा आपातकालीन निकासी (Emergency Evacuation) की प्रक्रिया को व्यवहारिक रूप से समझाया गया। होटल स्टाफ को यह भी बताया गया कि आपदा के समय घबराने के बजाय कैसे संयमित रहकर पर्यटकों की सुरक्षित निकासी सुनिश्चित की जाए।
अग्निशमन अधिकारी ने विशेष रूप से रसोईघर (किचन), विद्युत पैनल, गैस सिलेंडर एवं हीटर के उपयोग वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने पर जोर दिया। साथ ही निर्देश दिए गए कि सभी आपातकालीन निकास द्वार खुले एवं अवरोध-मुक्त रहें तथा भीड़ नियंत्रण के लिए प्रशिक्षित स्टाफ तैनात किया जाए।
होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री बबलू नेगी एवं अन्य सदस्यों ने बागेश्वर पुलिस एवं फायर सर्विस की इस पहल की सराहना करते हुए आश्वस्त किया कि सभी होटल अग्नि सुरक्षा मानकों का पूर्ण रूप से पालन करेंगे और पर्यटकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे।
बागेश्वर पुलिस द्वारा यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि जन-मानस की सुरक्षा और त्यौहारों को सुरक्षित, सुखद एवं यादगार बनाने के लिए पुलिस प्रशासन हर स्तर पर सजग है और इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।
