शीतलहर से राहत के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद, जरूरतमंदों को मिल रही हर संभव सहायता
बागेश्वर । जनपद में बढ़ती शीतलहर के मद्देनज़र जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय है। जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे के निर्देशानुसार आमजन, जरूरतमंदों एवं असहाय व्यक्तियों को ठंड से सुरक्षित रखने के लिए प्रशासन द्वारा त्वरित और प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। अलाव जलाने, रैन बसेरों के संचालन, कंबल वितरण तथा आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की गई है।
नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर नियमित रूप से अलाव जलाए जा रहे हैं। बागेश्वर नगर में तहसील परिसर, जिला अस्पताल, चौक बाजार, कत्यूर बाजार, गोमती पुल, सरयू पुल एवं ट्रामा सेंटर के समीप अलाव की समुचित व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही बस अड्डों, बाजारों, अस्पतालों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी अलाव जलाकर राहगीरों एवं जरूरतमंदों को ठंड से राहत प्रदान की जा रही है।
शीतलहर से बचाव हेतु जनपद की विभिन्न तहसीलों में कुल 06 रैन बसेरे संचालित किए गए हैं, जिनमें 26 बेड की सुविधा उपलब्ध है। तहसील बागेश्वर अंतर्गत स्वराज भवन में 04 बेड, कपकोट क्षेत्र में केदारेश्वर मैदान स्थित आपदा राहत शिविर में 10 बेड तथा भराड़ी क्षेत्र में 04 बेड क्षमता का अस्थायी रैन बसेरा स्थापित किया गया है। वहीं गरुड़, कांडा एवं धरमघर क्षेत्रों में भी रैन बसेरों की व्यवस्था की गई है, जिससे बेसहारा लोगों को सुरक्षित आश्रय मिल रहा है।
इसके अतिरिक्त ठंड से अतिरिक्त सुरक्षा के लिए जरूरतमंद एवं असहाय व्यक्तियों को कंबलों का वितरण लगातार किया जा रहा है। ऊँचाई वाले एवं हिमपात संभावित क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत राशन की दुकानों में समय से पर्याप्त खाद्यान्न की आपूर्ति सुनिश्चित कर दी गई है, ताकि बर्फबारी या मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
स्वास्थ्य विभाग को एंबुलेंस सेवाओं एवं 108 आपातकालीन सेवा को पूरी तरह कार्यशील रखने, दवाइयों और आवश्यक सामग्री का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पेट्रोल पंपों में ईंधन की उपलब्धता, आपातकालीन रिजर्व स्टॉक एवं घरेलू गैस की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
जिला प्रशासन द्वारा शीतलहर की स्थिति पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है और संबंधित विभागों को पूर्ण सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जनपद का कोई भी नागरिक ठंड से प्रभावित न हो।
