Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 8, 2026

सोमेश्वर में संदिग्ध हालत में मिला दिव्यांग व्यक्ति का शव, हत्या की आशंका


अल्मोड़ा । सोमेश्वर तहसील के रसियार गांव में शनिवार देर शाम एक दिव्यांग युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घर से कुछ ही दूरी पर खेत में शव पड़े होने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में दहशत फैल गई। शव पर चोट के निशान मिलने के बाद मामले को संदिग्ध माना जा रहा है। सूचना पर सोमेश्वर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान रसियार गांव निवासी कुंदन राम (43) पुत्र नर राम के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि कुंदन राम दिव्यांग थे और बकरी चराने के साथ मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनकी आर्थिक स्थिति सामान्य थी और वे मेहनत से अपना घर चलाते थे। बताया गया कि घटना के समय कुंदन राम की पत्नी मायके गई हुई थी और वह घर में अकेले थे। मृतक अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और दो बेटियां छोड़ गए हैं। अचानक हुई घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल है। पुलिस जांच में सामने आया कि शव घर से कुछ दूरी पर खेत में पड़ा मिला। शव पर कई जगह चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे मौत के कारणों को लेकर संदेह गहराता जा रहा है। प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि चोटें गिरने से आई हैं या किसी प्रकार की मारपीट के कारण लगी हैं। सोमेश्वर थाना कोतवाल मदन मोहन जोशी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है, लेकिन पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जाएगी और यदि कोई आपराधिक तथ्य सामने आता है तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

You may have missed

Advertisement