March 2, 2026

वैध पास की आड़ में शराब तस्करी का बड़ा खेल बेनकाब, कपकोट पुलिस ने पकड़ी 25 लाख की अवैध शराब


बागेश्वर। जनपद बागेश्वर में होली पर्व से पूर्व अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जितेन्द्र मेहरा के निर्देश पर सक्रिय पुलिस टीम ने वैध शराब परिवहन पास की आड़ में चल रहे अवैध खेल का पर्दाफाश करते हुए भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में शराब तस्करी के नेटवर्क पर करारा प्रहार माना जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना कपकोट क्षेत्र में उपनिरीक्षक जीवन सिंह सामन्त के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा चेकिंग के दौरान वाहन संख्या UK02CA-0770 टाटा 407 को रोका गया। जांच के दौरान पाया गया कि चालक मोहन सिंह और उसके सहयोगी हिमांशु दफौटी द्वारा आबकारी विभाग के वैध पास का दुरुपयोग करते हुए निर्धारित दुकान तक शराब पहुंचाने के बजाय रास्ते में ही शराब की खेप उतारकर खुर्द-बुर्द करने की योजना बनाई जा रही थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन से 248 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद कर ली, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 25 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने वाहन चालक मोहन सिंह (48 वर्ष), निवासी मल्ला बिलोना, बागेश्वर को भराड़ी स्थित हरिमोहन बार के समीप से गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी हिमांशु दफौटी, निवासी बिलोना, पुलिस टीम को देखकर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। इस मामले में थाना कपकोट में मु.अ.सं. 07/2026, धारा 60/72 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
पुलिस ने बरामद शराब की सभी 248 पेटियों के साथ तस्करी में प्रयुक्त टाटा 407 वाहन को भी सीज कर दिया है। प्रारंभिक जांच में यह मामला वैध परिवहन अनुमति का दुरुपयोग कर अवैध शराब की आपूर्ति करने के सुनियोजित नेटवर्क से जुड़ा माना जा रहा है। पुलिस अब इस पूरे गिरोह और संभावित अन्य संलिप्त लोगों की तलाश में जुट गई है।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि होली पर्व के मद्देनज़र अवैध शराब के कारोबार पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और किसी भी प्रकार की तस्करी या अवैध भंडारण को सख्ती से रोका जाएगा। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी ताकि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनी रहे और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।