Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 18, 2026

कॉफी विद डीएम” में मेधावी बेटियों का सम्मान, बागेश्वर में प्रतिभा को मिला नया आयाम


बागेश्वर । जनपद बागेश्वर में प्रतिभा, परिश्रम और प्रेरणा का संगम उस समय देखने को मिला, जब कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित “कॉफी विद डी.एम.” कार्यक्रम के अंतर्गत इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में ब्लॉक स्तर पर शीर्ष 10 में स्थान प्राप्त करने वाली मेधावी छात्राओं का सम्मान किया गया। यह आयोजन न केवल छात्राओं की शैक्षणिक उपलब्धियों का गौरवगान था, बल्कि उनके भविष्य निर्माण की दिशा में एक सार्थक पहल भी साबित हुआ।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने छात्राओं से संवाद करते हुए उन्हें उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और करियर के विविध विकल्पों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में सफलता के लिए लक्ष्य की स्पष्टता, अनुशासन और निरंतर प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने सपनों को साकार करने के लिए अभी से योजनाबद्ध तरीके से तैयारी प्रारंभ करें।
जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को विभिन्न प्रवेश परीक्षाओं से संबंधित सूचनाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं, ताकि कोई भी प्रतिभा अवसरों से वंचित न रह सके। साथ ही उन्होंने “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” योजना के अंतर्गत उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देते हुए आर्थिक रूप से कमजोर छात्राओं को इसका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी ने अपने संबोधन में इस समय को छात्राओं के जीवन का महत्वपूर्ण चरण बताते हुए उन्हें समर्पण और लगन के साथ अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर रहने की सलाह दी। उन्होंने डिजिटल युग के महत्व पर बल देते हुए कहा कि छात्राएं ऑनलाइन माध्यमों का उपयोग कर अपने ज्ञान को और अधिक व्यापक बना सकती हैं।
महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम ने “मेधावी बेटियों का सम्मान, जनपद का बढ़ता मान” के संदेश को सार्थक रूप से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम ने यह सिद्ध किया कि यदि सही मार्गदर्शन और अवसर मिले, तो बेटियां हर क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल कर सकती हैं।

Advertisement