May 7, 2026

उपनयन संस्कार से जुड़ा पर्यावरण संरक्षण का संदेश


पिथौरागढ़। उत्तराखंड क्रांति दल अधिकारी कर्मचारी प्रकोष्ठ के कुमाऊं मंडल अध्यक्ष एवं राज्य निर्माण सेनानी दिनेश गुरुरानी द्वारा संचालित अनूठा पौधारोपण अभियान अपने 660वें दिन भी जनसरोकार और पर्यावरण चेतना का प्रभावी संदेश देता रहा। इस अभियान के अंतर्गत सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को प्रकृति संरक्षण से जोड़ने की अभिनव पहल निरंतर जारी है।
अभियान के 660वें दिन डीडीहाट क्षेत्र के भनड़ा गांव में उपनयन संस्कार के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का विशेष संदेश दिया गया। भनड़ा निवासी आनंद राम के नाती एवं रमेश कुमार के पुत्र करन ने अपने उपनयन संस्कार पर “एक पौधा धरती मां के नाम” संकल्प के साथ पौधारोपण किया। इस अवसर पर आनंद राम ने कहा कि इस पुनीत अभियान से जुड़ना सौभाग्य की बात है, जबकि रमेश कुमार ने प्रकृति संरक्षण को वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया। कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीणों एवं गणमान्य नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
इसी क्रम में बिशन सिंह चुफाल की पुत्री एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष दीपिका चूफाल ने भी इस पौधारोपण अभियान से जुड़ते हुए पौधा रोपित किया। दीपिका चूफाल ने संकल्प व्यक्त किया कि वह प्रत्येक वर्ष अपनी वर्षगांठ पर पौधारोपण करेंगी। वहीं बिशन सिंह चुफाल ने कहा कि दिनेश गुरुरानी द्वारा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किया जा रहा कार्य अत्यंत सराहनीय एवं प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण ही प्रकृति संरक्षण और भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार है।
अभियान के संयोजक दिनेश गुरुरानी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से उनका पौधारोपण अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा।