Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 27, 2026

मानवता और सेवा के संकल्प के साथ मनाया गया विश्व रेड क्रॉस दिवस


 बागेश्वर ।  विश्व रेडक्रॉस दिवस  के अवसर पर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें रेड क्रॉस सोसाइटी से जुड़े कार्यकर्ताओं, विद्यार्थियों एवं समाजसेवियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सेवा, संवेदनशीलता और आपदा राहत के क्षेत्र में रेड क्रॉस की भूमिका को विशेष रूप से रेखांकित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान रेड क्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन ने जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे का बैच अलंकरण कर उनका स्वागत एवं सम्मान किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जनपद में रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा किए जा रहे मानवीय कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि आपदा एवं आपात परिस्थितियों में संस्था निरंतर सक्रिय भूमिका निभाती रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समाजहित से जुड़े कार्यों में प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम में आलोक पाण्डेय ने जनपद रेड क्रॉस सोसाइटी की गतिविधियों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि संस्था द्वारा आपदा प्रभावित परिवारों को कंबल, तिरपाल और राशन किट उपलब्ध कराई जाती हैं। इसके अतिरिक्त प्राथमिक उपचार एवं आपदा प्रबंधन संबंधी प्रशिक्षण भी नियमित रूप से संचालित किए जाते हैं, जिससे आमजन को संकट की घड़ी में त्वरित सहायता मिल सके।
इस अवसर पर रेड क्रॉस द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं उत्कर्ष, कीर्ति, हितांश, मेघा, दीपशिखा, श्वेता, शांतनु एवं सगुण को सम्मानित किया गया। वहीं सामाजिक एवं मानवीय क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले हरीश दफौटी, मोहिनी कोरंगा, रमेश पर्वतीय, संजय शाह, किशन सिंह मलडा, नीरज उपाध्याय, आलोक पाण्डेय एवं प्रेमा रावत को भी प्रशस्ति देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी एन एस नबियाल, जिला रेड क्रॉस अध्यक्ष इंदर सिंह फर्स्वाण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, रेड क्रॉस सोसाइटी के सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

You may have missed

Advertisement