Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 13, 2026

उत्तराखंड में अगले दो दिन बारिश-बर्फबारी की संभावना


– पर्वतीय जिलों में येलो अलर्ट, मैदानी इलाकों में शुष्क मौसम
देहरादून ।  उत्तराखंड में अगले दो दिनों तक मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने राज्य के पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई है। विशेष रूप से 4500 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। वहीं मैदानी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
आज और कल उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, देहरादून, टिहरी, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। इन जिलों के लिए विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। दूसरी ओर हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, चम्पावत और उधम सिंह नगर के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि बिजली गिरने से जान-माल की हानि हो सकती है। तेज हवाओं के कारण कच्चे मकानों और असुरक्षित ढांचों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे खेतों में कटी हुई फसल को सुरक्षित स्थानों पर रखें। नागरिकों को तूफान के दौरान घर के भीतर रहने, खिड़की-दरवाजे बंद रखने और बिजली से चलने वाले उपकरणों से दूर रहने की हिदायत दी गई है। साथ ही पेड़ों के नीचे शरण न लेने और पालतू जानवरों को बाहर न बांधने की अपील की गई है।
16 मई को मौसम विभाग ने विशेष रूप से उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए चेतावनी जारी की है। इन जिलों में बहुत हल्की से हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है।
मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और पर्यटकों को सलाह दी है कि वे अपनी यात्रा की योजना मौसम की बदलती परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए बनाएं। अचानक मौसम बिगड़ने की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर ठहरें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

Advertisement