May 19, 2026

जनता दरबार में उमड़ी फरियादियों की भीड़, अधिकांश शिकायतों का मौके पर निस्तारण


बागेश्वर ।   जन समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर जिला प्रशासन एक बार फिर सक्रिय नजर आया। सोमवार को जिला सभागार में जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे की अध्यक्षता में आयोजित जनता दरबार में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने सड़क, पेयजल, बिजली, सुरक्षा दीवार निर्माण और मुआवजा वितरण से जुड़ी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। जनता दरबार में कुल 25 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए। जनता दरबार के दौरान मण्डलसेरा क्षेत्र में लंबे समय से बनी पेयजल समस्या प्रमुख मुद्दा रही। जिलाधिकारी ने जल निगम और जल संस्थान को संयुक्त निरीक्षण कर पेयजल योजना को जल संस्थान को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया तत्काल प्रारंभ करने के निर्देश दिए। वहीं शहर में बढ़ती आवारा पशुओं की समस्या पर भी प्रशासन गंभीर दिखाई दिया। अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत को पशुओं को अन्य स्थान पर शिफ्ट करने हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। बेड़ा मझेड़ा क्षेत्र में खराब पड़े सोलर हैंडपंप की मरम्मत तथा हड़बाड़ के बच्ची गांव में पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के लिए जल संस्थान एवं जल निगम को एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त नेकाना-दाड़ीमखेत-डेशखाता मोटर मार्ग में कुछ लोगों द्वारा उत्पन्न की जा रही बाधा के मामले में उपजिलाधिकारी गरुड़ को हस्तक्षेप कर समाधान निकालने को कहा गया। वहीं चौरा-अनेरिया-मजबे-नायल उपाध्याय मोटर मार्ग के डामरीकरण कार्य में हो रही देरी पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए उपजिलाधिकारी बागेश्वर को संबंधित पक्षों के साथ बैठक कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने इस दौरान सीएम हेल्पलाइन एवं जनपद स्तरीय हेल्पलाइन “हैलो बागेश्वर” पर लंबित शिकायतों की समीक्षा भी की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतकर्ताओं से शत-प्रतिशत कॉलिंग कर फीडबैक भी लिया जाए, जिससे प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही बनी रहे। जनता दरबार में मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।