बागेश्वर में लाखों की स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार
बागेश्वर । जिले को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत पुलिस को एक और सफलता मिली है। कोतवाली पुलिस ने 4.99 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है। आरोपी को न्यायालय के आदेश के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में अल्मोड़ा जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार कोतवाली पुलिस क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस ने 24 वर्षीय मनीष कुमार उर्फ मरिया पुत्र स्वर्गीय गोपाल राम निवासी घटबगड़ वार्ड, थाना एवं जिला बागेश्वर को संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़ा।तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 4.99 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने मौके से ही आरोपी को गिरफ्तार कर कोतवाली ले आई। उसके खिलाफ धारा 8/21/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। बुधवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी पूर्व में भी दो बार एनडीपीएस एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है। जिले में नशे के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
