विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर निर्वाचन विभाग अलर्ट, अधिकारियों को दिए विस्तृत दिशा-निर्देश
बागेश्वर। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम की अध्यक्षता में वर्चुअल प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जनपद स्तर से जिला निर्वाचन अधिकारी आकांक्षा कोड़े एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी एनएस नबियाल सहित सभी ईआरओ, एईआरओ, डीएलएमटी और एएलएमटी अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के प्रभावी संचालन को लेकर कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने प्रत्येक मतदेय स्थल पर बीएलओ की सहायता के लिए “हेल्पिंग हैंड” के रूप में अतिरिक्त कार्मिकों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ईआरओ और एईआरओ स्तर पर बीएलओ को विशेष प्रशिक्षण प्रदान कर प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारू एवं त्रुटिरहित बनाए रखने के लिए राजनीतिक दलों के साथ जिला निर्वाचन अधिकारी और ईआरओ स्तर पर नियमित बैठकें आयोजित की जाएं, ताकि सभी दलों को एसआईआर प्रक्रिया की पूरी जानकारी उपलब्ध कराई जा सके।
बैठक में जनपद मुख्यालय तथा ईआरओ स्तर पर हेल्पडेस्क एवं कंट्रोल रूम स्थापित करने, वहां जिम्मेदार कार्मिकों की तैनाती सुनिश्चित करने तथा बीएलओ के माध्यम से गणना प्रपत्रों के व्यवस्थित वितरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
वर्चुअल बैठक में अपर जिलाधिकारी एनएस नबियाल, मुख्य विकास अधिकारी आरसी तिवारी, उपजिलाधिकारी प्रियंका रानी, वैभव कांडपाल एवं अनिल कुमार चन्याल सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
