May 21, 2026

ऑपरेशन प्रहार” में बैजनाथ पुलिस का बड़ा एक्शन, अवैध शराब परोसने वाले दो गिरफ्तार


गरुड़/बागेश्वर। उत्तराखण्ड पुलिस मुख्यालय देहरादून के निर्देश पर संचालित “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बागेश्वर पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के विरुद्ध सख्त अभियान चलाते हुए दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर बिना लाइसेंस शराब परोसने वाले दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस अधीक्षक बागेश्वर जितेन्द्र मेहरा के निर्देश पर जनपद के समस्त थाना प्रभारियों को प्रभावी कार्रवाई करते हुए अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के आदेश दिए गए थे। इसी क्रम में दिनांक 20 मई 2026 को कोतवाली बैजनाथ पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मामलों का खुलासा किया।
पहले मामले में पुलिस ने मैग्डी स्टेट क्षेत्र स्थित एक दुकान में छापेमारी की, जहां बिना लाइसेंस ग्राहकों को शराब परोसी जा रही थी। मौके से पुलिस ने अभियुक्त नन्दन सिंह (58 वर्ष), पुत्र पान सिंह, निवासी मैग्डी स्टेट, को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से आठ बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली बैजनाथ में मुकदमा अपराध संख्या 12/2026, धारा 60(1)/21 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया है।
वहीं दूसरे मामले में ग्राम घिरतोली में पुलिस टीम ने छापा मारकर मंगल कुमार पुत्र बाली राम को गिरफ्तार किया, जो अपनी दुकान में अवैध रूप से शराब परोस रहा था। पुलिस ने मौके से तीन बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की। आरोपी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 13/2026, धारा 60(1)/21 आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत जनपदभर में अवैध शराब कारोबार, नशे के अवैध व्यापार और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।