Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 27, 2026

वन्यजीव हमले में जान गंवाने वाले ग्रामीण के परिवार से मिले डीएम, तड़म गांव पहुंचकर जानी समस्याएं


अल्मोड़ा ।  सल्ट विकासखंड के दूरस्थ ग्राम बोरडा तोक स्थित तड़म गांव में मानव-वन्यजीव संघर्ष में ग्रामीण महिपाल सिंह की मौत के बाद गुरुवार को जिलाधिकारी अंशुल सिंह गांव पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। दुर्गम पैदल मार्ग से गांव पहुंचे जिलाधिकारी ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने दिवंगत महिपाल सिंह के परिजनों से बातचीत कर उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने परिवार की आर्थिक और सामाजिक स्थिति को देखते हुए एक बेटी को अस्थायी रूप से तहसील कार्यालय सल्ट में डाटा एंट्री ऑपरेटर के रूप में तैनात करने तथा दूसरी बेटी को शिक्षक स्वयंसेवक के रूप में अस्थायी नियोजन देने के निर्देश अधिकारियों को दिए। गांव में आयोजित संवाद के दौरान ग्रामीणों ने वन्यजीवों के बढ़ते खतरे, सड़क, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समस्याएं जिलाधिकारी के सामने रखीं। इस पर जिलाधिकारी ने पूरे क्षेत्र में चेन लिंक फेंसिंग कराने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को जंगली जानवरों के खतरे से सुरक्षा मिल सके। उन्होंने तड़म से भोनखाल तक मार्ग के सुधारीकरण और मार्ग पर सोलर लाइट लगाने के निर्देश भी दिए। साथ ही वन विभाग को क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और गधेरे से गांव तक पेयजल लाइन बिछाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कुमेंरिया से बोरड तक सड़क निर्माण कार्य में भी शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग रानीखेत के अधिशासी अभियंता के अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए उनके खिलाफ स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी के पैदल गांव पहुंचकर समस्याएं सुनने और समाधान का भरोसा देने पर आभार जताया। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन केवल राहत तक सीमित नहीं है, बल्कि पीड़ित परिवारों को सामाजिक और मानसिक संबल देना भी उसकी जिम्मेदारी है। इस दौरान प्रभागीय वनाधिकारी दीपक सिंह, उपजिलाधिकारी सल्ट रिंकू बिष्ट, अपर पुलिस अधीक्षक हरबंश सिंह, तहसीलदार आबिद अली समेत अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।

You may have missed

Advertisement