May 24, 2026

जीबी पंत संस्थान में अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस पर विविध कार्यक्रम आयोजित


अल्मोड़ा ।   गोविन्द बल्लभ पंत राष्ट्रीय हिमालयी पर्यावरण संस्थान, कोसी-कटारमल में शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस का आयोजन ‘वैश्विक प्रभाव हेतु स्थानीय स्तर पर कार्यवाही’ थीम के तहत किया गया। कार्यक्रम का आयोजन संस्थान परिसर स्थित नेचर इंटरप्रिटेशन एंड लर्निंग सेंटर में हुआ, जिसमें हिमालयी जैव विविधता संरक्षण, जलवायु परिवर्तन और स्थानीय समुदायों की भूमिका पर जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया। संस्थान के प्रभारी निदेशक डॉ. आई.डी. भट्ट ने कहा कि संस्थान हिमालयी पर्यावरण, जैव विविधता संरक्षण, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन और सतत विकास के क्षेत्र में अग्रणी अनुसंधान संस्थान के रूप में कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि हिमालयी क्षेत्र की पारिस्थितिकी वैश्विक पर्यावरण संतुलन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। डॉ. भट्ट ने विद्यार्थियों से प्रकृति संरक्षण की सीख को समाज तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए उन्हें जैव विविधता संरक्षण का दूत बनने के लिए प्रेरित किया। संस्थान के वैज्ञानिक डॉ. के.एस. कनवाल ने इस वर्ष की थीम की जानकारी दी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ‘वृक्ष पुरुष’ किशन सिंह मलड़ा ने जैव विविधता संरक्षण के क्षेत्र में अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि स्थानीय स्तर पर किए गए छोटे-छोटे प्रयास वैश्विक पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विशिष्ट अतिथि जमुना प्रसाद तिवारी ने स्वच्छता और संरक्षण के क्षेत्र में अपने कार्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए चित्रकला, प्रश्नोत्तरी, निबंध लेखन, ऑडियो-विजुअल प्रस्तुति और क्ले एक्टिविटी जैसी गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के 15 विद्यालयों के करीब 200 विद्यार्थियों, शोधार्थियों, शिक्षकों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने सूर्यकुंज परिसर का भ्रमण कर वृक्षारोपण कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। समापन सत्र में विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए गए। संस्थान के वैज्ञानिक डॉ. आशीष पांडेय ने सभी प्रतिभागियों का आभार जताते हुए जैव विविधता संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।