शराब के नशे में पुल पर चढ़ा नेपाली मजदूर
बागेश्वर । पुलिस प्रशासन के उस वक्त होश उड़ गए जब एक नेपाली मजदूर शराब के नशे में खाई बगड़ के पुल पर चढ़ गया। आसपास के लोग उसे नीचे आने की अपील करते रहे, लेकिन वह नहीं उतरा। बाद में एसडीआरएफ की टीम ने उसे सकुशल नीचे उतारा। उसे उपचार के लिए सीएचसी कपकोट में भर्ती किया गया। इस दौरान मौके पर भीड़ लग गई। 45 वर्षीय दीपक सिंह कार्की पुत्र मान सिंह कार्की मूल निवासी नेपाल हाल खाईबगड़ जो कपकोट क्षेत्र में मजदूरी का कार्य करता है। शनिवार की सुबह वह शराब के नशे में खाईबगड़ में बने पुल पर चढ़ गया।वहां से कूदने का प्रयास करने लगा। यह देख लोगों के हाथ पांव फूल गए। लोग उससे नीचे आने की अपील करते रहे, लेकिन वह नीचे नहीं उतरा। इसकी सूचना लोगों को पुलिस को दी। सूचना के बाद एसडीआरएफ, फायर सर्विस, पुलिस की मौके पर पहुंची। आधे घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद उसे पुल से सकुशल नीचे उतारा। पुलिस के अनुसार नेपाली मजदूर अत्यधिक शराब के नशे में था। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कपकोट भर्ती किया गया। लोगों ने बताया कि वह पहले भी कई बार पुल पर चढ़ चुका है। एक बार नदी में कूद भी चुका है।
