नो व्हीकल डे को मिल रहा लोगों का समर्थन, एसडीएम चली पैदल
बागेश्वर । जिला प्रशासन की पहल पर शनिवार को बागेश्वर नगर में ‘नो व्हीकल डे’ मनाया। अभियान को सरकारी कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और आमजन का भरपूर सहयोग मिला। लोगों ने निजी वाहनों के बजाय पैदल चलने, साइकिल का उपयोग करने तथा साझा परिवहन अपनाकर अभियान को सफल बनाने में सहभागिता निभाई। नो व्हीकल डे के माध्यम से एक ओर वायु प्रदूषण कम करने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया, वहीं दूसरी ओर ईंधन की बचत और अनावश्यक खर्च में कमी लाने का संदेश भी दिया गया। नगर क्षेत्र में वाहनों का दबाव कम होने से ट्रैफिक जाम की समस्या में भी राहत देखने को मिली, जिससे लोगों का समय बचा और आवागमन अधिक सुगम व सुरक्षित रहा। पैदल चलने की आदत को बढ़ावा मिलने से स्वास्थ्य संबंधी लाभ मिलने की भी उम्मीद जताई जा रही है। लोगों का कहना है कि इस प्रकार के अभियान न केवल पर्यावरण संरक्षण में सहायक हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम हैं। जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने कहा कि नो व्हीकल डे अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से इस पहल में निरंतर सहयोग बनाए रखने और इसे जनभागीदारी का सशक्त अभियान बनाने की अपील की।
एसडीएम ने धूप में पैदल चलकर की जनता से अभियान से जुड़ने की अपील:
एसडीएम सदर प्रियंका रानी शनिवार को चिलचिलाती धूप में पैदल चलकर लोगों से अभियान से जुड़ने की अपील करती रहीं। उन्होंने कपकोट, कांडा, गरुड़ और ताकुला मार्ग पर कई स्थानों का भ्रमण कर लोगों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि यह अभियान प्रशासन की एक पहल है, जिसे लोगों का अच्छा समर्थन मिल रहा है। यातायात पुलिस ने भी लोगों से अभियान में सहयोग की अपील की।
