May 26, 2026

पहाड़ों में रोजगार बढ़ाने पर यूकेडी का जोर


बागेश्वर ।   पोखरी गांव में उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) युवा प्रकोष्ठ का सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें प्रदेशभर से युवा प्रकोष्ठ के पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष और विभिन्न जनपदों के प्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान संगठन की मजबूती, पहाड़ों के आर्थिक विकास और उत्तराखंड के भविष्य को लेकर चर्चा की गई। एग्रो फॉरेस्ट्री और पलायन रोकने पर जोर दिया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्रीय अध्यक्ष आशीष नेगी ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में एग्रो फॉरेस्ट्री के माध्यम से रोजगार और स्वरोजगार की बड़ी संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि गांवों में मजबूत मंडी व्यवस्था विकसित कर स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराया जा सकता है।
इससे किसानों, बागवानों और युवाओं को सीधा लाभ मिलेगा तथा पलायन पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।सम्मेलन में युवा प्रकोष्ठ की ओर से ध्वनिमत से एक प्रस्ताव पारित किया गया। प्रस्ताव में कहा गया कि भविष्य में यदि उत्तराखंड क्रांति दल के विधायक विधानसभा पहुंचते हैं तो राज्य का कर्ज समाप्त होने तक वे वेतन नहीं लेंगे। साथ ही पूर्व विधायकों और मंत्रियों की पेंशन व्यवस्था समाप्त करने की मांग भी उठाई गई। वक्ताओं ने कहा कि उत्तराखंड पर करीब एक लाख करोड़ रुपये का कर्ज है और ऐसे समय में जनप्रतिनिधियों को त्याग का उदाहरण पेश करना चाहिए। केंद्रीय उपाध्यक्ष कुलदीप रावत और केंद्रीय उपाध्यक्ष आशीष नेगी ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और युवाओं को जोड़ने का आह्वान किया। सम्मेलन में विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारियों ने अपने क्षेत्रों की समस्याएं और संभावनाएं साझा कीं। सम्मेलन के दौरान कमस्यार घाटी समेत कई क्षेत्रों से युवाओं और स्थानीय लोगों ने यूकेडी से जुड़ने की इच्छा जताई। इससे कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम का संचालन केंद्रीय कोषाध्यक्ष वरुण चंदोला ने किया। उन्होंने प्रदेशभर से पहुंचे कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का आभार जताया। सम्मेलन के अंत में धोलिनाग देवता से उत्तराखंड की समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई।