June 3, 2026

हादसे में मृत चारों लोगों की हुई शिनाख्त, क्रेन से बाहर निकाली गई कार, तीन लापता


नई टिहरी।ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को हुए दर्दनाक हादसे में नदी से बरामद किए गए चारों शवों की पहचान कर ली गई है। देवप्रयाग कोतवाल प्रशांत बहुगुणा ने बताया कि देवप्रयाग पहुंचे परिजनों ने मृतकों की शिनाख्त डॉ. दिनेश पंवार  27 वर्ष पुत्र लोडा राम, कमला देवी 62 वर्ष पत्नी लोडा राम और अश्लेषा 22 वर्ष पुत्री हरीश परिहार के रूप में की है, जो सभी दरिया नाथ की बावड़ी, जैसलमेर राजस्थान के निवासी थे। जबकि चालक की पहचान अमित गुप्ता 32 वर्ष  पुत्र अजय गुप्ता, निवासी लक्सर हरिद्वार  के तौर पर हुई है। पुलिस ने सभी मृतकों का श्रीनगर बेस अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव शोकाकुल परिजनों को सौंप दिए हैं। इधर, बुधवार को पुलिस और रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद गंगा की तेज धारा में डूबी इनोवा कार को क्रेन की मदद से बाहर निकाल लिया है। कार के भीतर किसी का शव नहीं मिला है, जिसके बाद एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों ने दुर्घटनास्थल के समीप ही गंगा में डीप डाइविंग  के जरिए अपना सर्च ऑपरेशन और तेज कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, इस हादसे में 12 वर्षीय बालक आयुष्मान सुरक्षित है और उसका उपचार चल रहा है, जबकि कार सवार तीन अन्य महिलाएं गुड्डी देवी, जाह्नवी और नम्रता अब भी लापता हैं। जल पुलिस और गोताखोरों की टीमें राफ्ट के सहारे गंगा की लहरों के बीच लगातार तीनों लापता महिलाओं की तलाश में जुटी हुई हैं।