June 22, 2026

अल्मोड़ा में 500 पदों पर सुरक्षा जवान और सुपरवाइजर भर्ती, जुलाई में लगेंगे चयन मेले


अल्मोड़ा ।  जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए सुरक्षा क्षेत्र में रोजगार का अवसर उपलब्ध होने जा रहा है। विभिन्न विकासखंडों में सुरक्षा जवान और सुपरवाइजर के 500 पदों पर भर्ती के लिए जुलाई माह में भर्ती मेलों का आयोजन किया जाएगा। जिला विकास अधिकारी एस.के. पंत ने बताया कि सुरक्षा जवान पद के लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता 9वीं या 10वीं पास तथा सुपरवाइजर पद के लिए 12वीं पास निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों की आयु 18 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। सुरक्षा जवान के लिए न्यूनतम ऊंचाई 168 सेंटीमीटर और सुपरवाइजर के लिए 170 सेंटीमीटर निर्धारित की गई है। वहीं अभ्यर्थियों का वजन 55 से 90 किलोग्राम के बीच होना चाहिए। भर्ती प्रक्रिया के लिए 350 रुपये का ऑनलाइन पंजीकरण शुल्क निर्धारित किया गया है, जो केवल चयनित अभ्यर्थियों से शिविर के दौरान लिया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को एसआईएस ट्रेनिंग अकादमी, देहरादून में प्रशिक्षण दिया जाएगा। सुरक्षा जवान पद के लिए एक माह का प्रशिक्षण होगा, जिसके लिए 10,500 रुपये प्रशिक्षण शुल्क निर्धारित है। सुपरवाइजर पद के लिए दो माह का प्रशिक्षण होगा और इसके लिए 40,500 रुपये शुल्क लिया जाएगा। प्रशिक्षण अवधि के दौरान भोजन, आवास और वर्दी की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद चयनित अभ्यर्थियों को 15 हजार से 30 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा। भर्ती मेले सुबह 10:30 बजे से अपराह्न 3 बजे तक आयोजित किए जाएंगे। भर्ती कार्यक्रम के तहत 1 और 2 जुलाई को हवालबाग, 3 और 4 जुलाई को ताकुला, 6 और 7 जुलाई को धौलादेवी, 8 और 9 जुलाई को भैसियाछाना, 10 और 13 जुलाई को लमगड़ा, 14 और 15 जुलाई को ताड़ीखेत, 17 और 18 जुलाई को द्वाराहाट, 20 और 21 जुलाई को चौखुटिया, 22 और 23 जुलाई को भिकियासैंण, 24 और 25 जुलाई को स्याल्दे तथा 27 और 28 जुलाई को सल्ट विकासखंड सभागारों में भर्ती मेले आयोजित किए जाएंगे। जिला प्रशासन ने पात्र युवाओं से निर्धारित तिथियों पर भर्ती मेले में पहुंचकर रोजगार के अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।