Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 13, 2026

ऑरेंज अलर्ट का असर: भारी बारिश के खतरे को देखते हुए बागेश्वर में कक्षा 12 तक के सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र आज रहेंगे बंद

बागेश्वर। मौसम विभाग द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट के मद्देनज़र जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बुधवार, 1 जुलाई 2026 को जनपद बागेश्वर के सभी सरकारी, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक तथा समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित कर दिया है।

जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण अपूर्वा पांडे द्वारा जारी आदेश के अनुसार राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून तथा भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने जनपद में कहीं-कहीं भारी से अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना व्यक्त करते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। संभावित प्राकृतिक आपदा और विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह एहतियाती निर्णय लिया गया है।

जिला प्रशासन ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि आदेश की अवहेलना करने वाले संबंधित संस्थानों एवं अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे मौसम की गंभीरता को देखते हुए बच्चों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर न भेजें तथा मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन की आशंका के बीच प्रशासन पूरी तरह सतर्क है तथा स्थिति पर निरंतर निगरानी बनाए हुए है।

Advertisement