मानसून आपदाओं से निपटने को बागेश्वर में राज्यस्तरीय मॉक ड्रिल, राहत एवं बचाव तंत्र की परखी गई तैयारियां
बागेश्वर। मानसून के दौरान संभावित प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारियों का आकलन करने के उद्देश्य से गुरुवार को जनपद बागेश्वर में राज्यस्तरीय मानसून मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान बादल फटना, भूस्खलन, अतिवृष्टि, बाढ़ और भू-धंसाव जैसी काल्पनिक आपदा परिस्थितियां तैयार कर जिला प्रशासन एवं विभिन्न राहत एजेंसियों की त्वरित प्रतिक्रिया, समन्वय क्षमता और संसाधनों की उपलब्धता का व्यापक परीक्षण किया गया।
मॉक ड्रिल के तहत बागेश्वर तहसील के बिलौनासेरा में बादल फटने एवं भूस्खलन, कपकोट तहसील के भयूं क्षेत्र में अतिवृष्टि एवं बाढ़, गरुड़ तहसील के गढ़सेर में भू-धंसाव तथा कांडा तहसील के कांडा-सानिउडियार मोटर मार्ग पर भूस्खलन की काल्पनिक घटनाओं पर संयुक्त राहत एवं बचाव अभियान संचालित किया गया। संबंधित इंसीडेंट कमांडरों के नेतृत्व में पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, अग्निशमन, स्वास्थ्य, राजस्व तथा अन्य विभागों की टीमों ने निर्धारित समय के भीतर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने और आवश्यक सेवाओं की शीघ्र बहाली का सफल अभ्यास किया।
अभ्यास के दौरान जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (डीईओसी) से सभी घटनास्थलों की लगातार निगरानी की गई। विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, त्वरित सूचना आदान-प्रदान और आपातकालीन संचार व्यवस्था की प्रभावशीलता का भी परीक्षण किया गया। मॉक ड्रिल में पशुपालन, लोक निर्माण विभाग, जल संस्थान, विद्युत, ग्राम्य विकास, एनसीसी, एनएसएस, होमगार्ड, रेडक्रॉस तथा आपदा मित्रों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।
जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने कहा कि इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य वास्तविक आपदा की स्थिति में सभी विभागों की त्वरित प्रतिक्रिया, समन्वय क्षमता और उपलब्ध संसाधनों का व्यावहारिक परीक्षण करना है, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में जनहानि एवं संपत्ति के नुकसान को न्यूनतम किया जा सके। उन्होंने कहा कि ऐसे अभ्यास भविष्य में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
