बागेश्वर विकास भवन में भावनात्मक पल: सीडीओ आर.सी. तिवारी समेत तीन वरिष्ठ अधिकारियों को सम्मानपूर्ण विदाई, नवागत सीडीओ नरेश कुमार का भव्य स्वागत
बागेश्वर। विकास भवन सभागार शुक्रवार को भावनाओं और सम्मान का साक्षी बना, जब मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत तथा वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी सुरेश कापड़ी के सम्मान में भव्य विदाई समारोह आयोजित किया गया। जनपद के सभी जिला स्तरीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने तीनों अधिकारियों के प्रशासनिक योगदान, उत्कृष्ट कार्यशैली और सौहार्दपूर्ण व्यवहार को याद करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी ने अपने कार्यकाल के दौरान कुशल नेतृत्व, प्रभावी समन्वय, पारदर्शी प्रशासन और विकास योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के माध्यम से जनपद में एक सशक्त प्रशासनिक व्यवस्था स्थापित की। उनके मृदुभाषी स्वभाव, निर्णय क्षमता और कर्मठ कार्यशैली ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच उन्हें विशेष सम्मान दिलाया। उनका स्थानांतरण उपायुक्त (परियोजना), ग्राम्य विकास विभाग, पौड़ी मुख्यालय के पद पर हुआ है। वहीं परियोजना निदेशक शिल्पी पंत को परियोजना निदेशक, नैनीताल के पद पर नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने अपने संबोधन में तीनों अधिकारियों की कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और प्रशासनिक दक्षता की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि इन अधिकारियों ने टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जनपद के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने सभी अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य और नई जिम्मेदारियों में सफलता की शुभकामनाएं भी दीं।
समारोह के दौरान जनपद के नवागत मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार का भी आत्मीय स्वागत किया गया। पूर्व में उपायुक्त (परियोजना), ग्राम्य विकास विभाग, पौड़ी के पद पर कार्यरत रहे नरेश कुमार का अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने संस्मरण साझा करते हुए विदाई ले रहे अधिकारियों को स्मृति-चिह्न और पुष्पगुच्छ भेंट किए। पूरे समारोह का वातावरण आत्मीयता, सम्मान और भावुक क्षणों से सराबोर रहा, जहां एक ओर सफल प्रशासनिक कार्यकाल की सराहना हुई तो दूसरी ओर नई जिम्मेदारियों के साथ बेहतर भविष्य की मंगलकामनाएं भी व्यक्त की गईं।
