July 5, 2026

स्वास्थ्य योजनाओं के लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति पर डीएम का जोर, डेंगू नियंत्रण के लिए सभी विभागों को समन्वित अभियान चलाने के निर्देश

बागेश्वर। जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने कहा है कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित सभी स्वास्थ्य योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में किसी भी स्तर पर शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एवं जिला स्तरीय डेंगू निगरानी समिति की बैठक में उन्होंने विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. कुमार आदित्य तिवारी ने स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। समीक्षा के दौरान संस्थागत प्रसव, नियमित टीकाकरण, एएनसी, पीएनसी, परिवार नियोजन, ओपीडी, आईपीडी, राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, राष्ट्रीय अंधता नियंत्रण कार्यक्रम तथा एनसीडी कार्यक्रम की प्रगति का आकलन किया गया। जिलाधिकारी ने अपेक्षा से कम प्रगति वाले कार्यक्रमों में विशेष अभियान संचालित कर निर्धारित लक्ष्यों को शीघ्र प्राप्त करने के निर्देश दिए।

डेंगू नियंत्रण को लेकर जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर पालिका को नियमित सफाई, जलभराव वाले स्थलों का स्रोत नष्टकरण, एंटी लार्वा गतिविधियों एवं फॉगिंग अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा शिक्षा विभाग को विद्यालयों में विद्यार्थियों के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्साधिकारी को सभी स्वास्थ्य संस्थानों में डेंगू जांच किट, आवश्यक दवाओं, प्रशिक्षित चिकित्सकीय कर्मियों तथा उपचार संबंधी सभी व्यवस्थाएं सुदृढ़ रखने और संदिग्ध मरीजों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।

बैठक में मातृ मृत्यु की समीक्षा के दौरान हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की सतत निगरानी, समय पर एएनसी जांच, संस्थागत प्रसव और मजबूत रेफरल व्यवस्था पर विशेष बल दिया गया। इसके साथ ही टीबी उन्मूलन, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य, राष्ट्रीय अंधता नियंत्रण तथा एनसीडी कार्यक्रमों की प्रभावी प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की प्रत्येक योजना का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य कार्यक्रमों की नियमित समीक्षा की जाएगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अमित मिश्रा, मुख्य शिक्षा अधिकारी विनय कुमार, जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. आकाश कुमार, प्रभारी चिकित्साधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।