Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 29, 2026

कोहिना गाँव में हुड़दंग पर बैजनाथ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में 6 गिरफ्तार


गरुड़, बागेश्वर। जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत बैजनाथ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम कोहिना में आपसी विवाद के दौरान हुड़दंग मचाकर माहौल बिगाड़ने वाले छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बागेश्वर के निर्देशन में की गई, जिसके तहत उपद्रवियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, 4 जुलाई 2026 को बैजनाथ कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम कोहिना में दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया है कि गांव का माहौल तनावपूर्ण हो गया है और शांति व्यवस्था प्रभावित हो रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। हालांकि, काफी समझाइश के बावजूद दोनों पक्ष नहीं माने और लगातार विवाद करते हुए कानून व्यवस्था को चुनौती देते रहे।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के श्याम गिरी, संजय गिरी, गणेश गिरी तथा तीन महिलाओं को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170, 126 एवं 145 के तहत गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों का चालान कर उन्हें माननीय परगना मजिस्ट्रेट, गरुड़ के समक्ष पेश किया गया।
बैजनाथ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गांव या सार्वजनिक स्थानों पर झगड़ा-फसाद कर शांति व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने क्षेत्रवासियों से कानून का पालन करने और आपसी विवादों का समाधान शांतिपूर्ण तरीके से करने की अपील करते हुए चेतावनी दी है कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

You may have missed

Advertisement