Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 12, 2026

गांव-गांव पहुंची रही बैजनाथ पुलिस, नौगांव में नशे और साइबर अपराध के खिलाफ छेड़ी जागरूकता मुहिम

गरुड़/बागेश्वर। जनपद को अपराध और नशामुक्त बनाने की दिशा में बागेश्वर पुलिस लगातार जनजागरूकता अभियान चला रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सोमवार को कोतवाली बैजनाथ पुलिस ने ग्राम नौगांव में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों को नशामुक्ति, साइबर सुरक्षा, महिला एवं बाल सुरक्षा सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया।

प्रभारी निरीक्षक कैलाश सिंह नेगी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में महिला उपनिरीक्षक विनीता बिष्ट एवं पुलिस टीम ने ग्रामीणों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी नौकरी, शादी के नाम पर धोखाधड़ी, मानव तस्करी, बाल श्रम, जबरन विवाह और साइबर अपराधों से बचाव के प्रभावी उपाय बताए। पुलिस ने लोगों से किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या लालच में न आने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों से भांग की अवैध खेती और नशे के कारोबार की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आह्वान किया गया। साथ ही उत्तराखण्ड पुलिस ऐप, यातायात नियमों और आपातकालीन हेल्पलाइन 112, 1090, 1098 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी देकर अपराध या संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनसहभागिता से ही अपराध और नशे पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। ग्रामीणों ने भी अभियान की सराहना करते हुए पुलिस को हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

Advertisement