Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 13, 2026

कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 के लिए पैरा एथलीट सागर थायत का चयन

गरुड़ के लाल अब ग्लासगो में करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व, जिले में खुशी की लहर

गरुड़ (बागेश्वर)। बागेश्वर जिले के गरुड़ क्षेत्र के पुरड़ा गांव के अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट सागर थायत का चयन कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 के लिए हो गया है। पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया (पीसीआई) द्वारा जारी आधिकारिक पत्र में इसकी पुष्टि की गई है। सागर का चयन मेन्स डिस्कस थ्रो (एफ-42/44 एवं एफ-61/64) स्पर्धा में डायरेक्ट क्वालिफिकेशन के आधार पर हुआ है।

यह उपलब्धि सागर की वर्षों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार बेहतरीन प्रदर्शन का परिणाम है। इससे पहले भी उन्होंने कई प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारत और उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है।

कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 का आयोजन 23 जुलाई से 3 अगस्त तक स्कॉटलैंड के ग्लासगो में होगा, जहां सागर थायत भारतीय दल का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनके चयन की खबर मिलते ही बागेश्वर सहित पूरे उत्तराखंड में खुशी की लहर दौड़ गई। क्षेत्रवासियों, खेल प्रेमियों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए प्रतियोगिता में पदक जीतकर देश का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दी हैं।

पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया के महासचिव जयवंत जीएच ने आधिकारिक पत्र जारी कर सागर को चयन पर बधाई दी और प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। जनप्रतिनिधियों और खेल जगत से जुड़े लोगों ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद सागर ने जिस समर्पण और संघर्ष से यह मुकाम हासिल किया है, वह युवाओं और उभरते पैरा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है।

आशा हैं कि गरुड़ के सागर थायत अब कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में भारत की पदक उम्मीदों को नई उड़ान देंगे।

Advertisement