Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 15, 2026

केंद्र सरकार की गलतियों का खामियाजा भुगत रहे युवा: नवप्रभात


विकासनगर । कांग्रेस की ओर से 17 जुलाई को देहरादून में प्रस्तावित छात्रों की गूंज कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मंगलवार को कांग्रेस की ओर से शहर में दो अलग अलग कार्यक्रम आयोजित किए गए। दोनों ही जगहों पर छात्र-छात्राओं को बताया गया कि कांग्रेस पार्टी युवाओं के साथ उनके हितों की लड़ाई लड़ रही है। तिलक भवन में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री नवप्रभात ने कहा आज केंद्र सरकार की गलतियों का खामियाजा देश का युवा भुगत रहा है। चाहे नीट परीक्षा पेपर आउट हो रहे हों या अन्य परीक्षाओं के पेपर। इसके लिए सरकार जिम्मेदार है।
देश की टॉप फाइव परीक्षाओं की तैयारी का खर्च अत्यधिक हो गया है। छात्र फॉर्म भर रहे हैं, फीस भर रहे हैं, सालों से मेहनत करते हैं लेकिन अंत में पेपर लीक हो जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में नौकरी बेची जा रही है, जिसका उदाहरण उत्तराखंड में देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने पूरे देश में एक ईमानदार व्यवस्था की मांग की है।
दूसरी ओर जीवनगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने हुए कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार छात्रों, युवाओं और शिक्षा से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाते हुए उनके अधिकारों की आवाज़ बनकर संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं से 17 जुलाई को शाम पांच बजे देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित राहुल गांधी के कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर उनके विचार सुनने का आह्वान किया। जिला कांग्रेस कमेटी पछवादून के अध्यक्ष संजय किशोर महेंद्रू ने कहा कि जिले भर में छात्र-छात्राओं से संपर्क अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पछवादून क्षेत्र से बड़ी संख्या में युवा और छात्र राहुल गांधी के कार्यक्रम में शामिल होकर देश के भविष्य, शिक्षा और रोजगार से जुड़े उनके विचारों को सुनेंगे।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने कहा कि लगातार सामने आ रही पेपर लीक की घटनाओं ने मेहनती छात्रों के भविष्य पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्षता और छात्रों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करना आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। इस दौरान शहर अध्यक्ष विकास शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष अभिनव ठाकुर, पूर्व शहर अध्यक्ष शम्मी प्रकाश, समीर अंसारी, अजीत चौहान, सुमित रमोला, नासिर, फरमान, अमर सिंह, शूरवीर सिंह आदि मौजूद रहे।

Advertisement