September 19, 2026

गरुड में बाईक दुर्घटना में सीएससी संचालक की मौत, साथी घायल


गरुड़ (बागेश्वर)। बैजनाथ–बागेश्वर मोटर मार्ग पर गगरीगोल फायर स्टेशन के पास मंगलवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, चनोली निवासी कमलेश (35) पुत्र गोविंद राम अपने साथी नरेंद्र (30) के साथ बाइक से बैजनाथ से घर लौट रहे थे। गगरीगोल के पास उनकी तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने परापिट से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को 112 वाहन के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद कमलेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल नरेंद्र का उपचार जारी है।
बैजनाथ कोतवाली के प्रभारी कैलाश नेगी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस दुर्घटना पर गरुड सहित जिले के समस्त सीएससी संचालकों ने गहरा दुःख प्रकट किया है और उनके परिवार को आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की हैं।