बागेश्वर पुलिस का प्रहार: चार नाली अवैध भांग की खेती नष्ट, ग्रामीणों को दी कड़ी चेतावनी
बागेश्वर। जनपद को नशामुक्त बनाने की दिशा में बागेश्वर पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा (आईपीएस) के निर्देशन में चलाए जा रहे नशामुक्ति अभियान के तहत एसओजी, एएनटीएफ और थाना कपकोट पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार को कपकोट क्षेत्र के ग्राम किरौली में कार्रवाई करते हुए करीब चार नाली क्षेत्रफल में उगाई गई अवैध भांग की खेती को नष्ट कर दिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने ग्रामीणों के साथ संवाद स्थापित कर नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय सहयोग की अपील की। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना वैध अनुमति के भांग की खेती करना एनडीपीएस एक्ट के तहत दंडनीय अपराध है तथा ऐसे मामलों में कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की कि यदि उनके क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की खेती, तस्करी या अन्य नशे से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी हो तो उसकी सूचना तत्काल मानस हेल्पलाइन-1933, डायल-112 अथवा निकटतम पुलिस थाने को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
बागेश्वर पुलिस ने दोहराया कि जनपद को नशामुक्त एवं अपराधमुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
