September 19, 2026

‘ऑपरेशन प्रहार’ का प्रहार: बागेश्वर पुलिस की सख्त कार्रवाई, 25 वाहन चालकों के चालान, 13 हुड़दंगियों पर पुलिस एक्ट में कार्रवाई

बागेश्वर। जनपद में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और सार्वजनिक स्थलों पर शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के उद्देश्य से बागेश्वर पुलिस का ‘ऑपरेशन प्रहार’ लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक बागेश्वर जितेन्द्र मेहरा (IPS) के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बुधवार को नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले 25 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किए गए, जबकि 2 वाहनों के कोर्ट चालान किए गए। वहीं सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, उत्पात और शांति व्यवस्था भंग करने वाले 13 लोगों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई।

पुलिस का कहना है कि आमजन की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पुलिस ने नागरिकों से सार्वजनिक स्थानों पर शांति और सौहार्द बनाए रखने, शराब पीकर वाहन न चलाने, हुड़दंग से दूर रहने तथा कहीं भी अशांति या कानून व्यवस्था बिगड़ती दिखाई देने पर तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना देने की अपील की है।