August 5, 2026

बागेश्वर में लगातार 5वें दिन भी स्कूलों में रहेगा अवकाश

भारी बारिश के ऑरेंज अलर्ट के बीच डीएम का आदेश, 31 जुलाई को कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र बंद

बागेश्वर। लगातार बिगड़ते मौसम और भारी वर्षा की चेतावनी के बीच जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार पांचवें दिन भी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट के मद्देनज़र जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डेय ने 31 जुलाई 2026 (शुक्रवार) को जनपद के कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित करने के आदेश जारी किए हैं।

जिले में लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने यह निर्णय एहतियात के तौर पर लिया है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। आदेश के अनुसार मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को सभी शिक्षण संस्थानों में अवकाश का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें तथा नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के आसपास जाने से परहेज करें। लगातार पांचवें दिन घोषित अवकाश ने जहां विद्यार्थियों को राहत दी है, वहीं जिला प्रशासन मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

You may have missed