August 5, 2026

जनसुनवाई में डीएम का सख्त संदेश: जनता की समस्याओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, बिजली बिलों की गड़बड़ियां एक माह में करें दुरुस्त

बागेश्वर। जनता की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे की अध्यक्षता में जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई में सड़क, आधारभूत ढांचा, विद्युत, पेयजल, आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न विभागों से संबंधित 26 शिकायतें दर्ज की गईं। जिलाधिकारी ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया, जबकि शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देशों के साथ भेजा गया।

जनसुनवाई के दौरान विद्युत उपभोक्ताओं की ओर से बिजली बिलों में लगातार सामने आ रही विसंगतियों का मामला प्रमुखता से उठा। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए यूपीसीएल के अधिशासी अभियंता को फटकार लगाई और स्पष्ट निर्देश दिए कि एक माह के भीतर सभी विवादित विद्युत बिलों की जांच कर त्रुटियों को दूर किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी उपभोक्ता से गलत अथवा अतिरिक्त भुगतान कराना स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि निर्धारित समयावधि के बाद भी लापरवाही सामने आई तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाइन पोर्टल और जनसुनवाई के माध्यम से प्राप्त प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं का समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर उदासीनता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि प्रत्येक सोमवार आयोजित होने वाली जनसुनवाई में सभी जिला स्तरीय अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। अधिकारी शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को संवेदनशीलता और गंभीरता से सुनें तथा उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

बैठक के दौरान सीएम हेल्पलाइन एवं हेलो बागेश्वर पर प्राप्त शिकायतों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से लंबित मामलों पर जवाब-तलब करते हुए सीएम हेल्पलाइन पर शत-प्रतिशत कॉलिंग सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल, मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने अंत में दोहराया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने और शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए सभी विभाग पूरी जवाबदेही के साथ कार्य करें।

You may have missed